संचारी रोंगो से बचाव के लिए एक जुलाई से चलेगा अभियान: डीएम

 

जिला संवाददाता, विनय मिश्र, देवरिया ।

 

देवरिया, 22 जून  जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के संबंध में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक धनवंतरि सभागार में हुई। जिलाधिकारी ने कहा जनपद में 01 जुलाई से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा जो कि आगामी 31 जुलाई तक संचालित रहेगा, साथ ही 11 जुलाई से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलेगा। सबसे ज्यादा संचारी राेग फैलने वाले गांवों को चिह्नित कर उनमें एंटी लार्वा दवाइयों के छिड़काव के निर्देश दिए।

बैठक में डीएम ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत एक जुलाई से 31 जुलाई 2024 के बीच विभिन्न विभागों के माध्यम से होने वाली गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों के दौरान संचारी रोग के अधिकतम मामलों वाले गांवों को चिह्नित कर वहां विशेष साफ-सफाई व एंटी लार्वा दवाइयों का छिड़काव कराएं। ताकि वहां फिर से संचारी रोगों का प्रसार न हो। उन्होंने कहा कि 12 विभागों द्वारा समन्वित प्रयास करके इन रोगों पर सफलतापूर्वक नियंत्रण के लिए कार्यवाही की जायेगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग इस अभियान का नोडल विभाग होगा, जो जनपद, तहसील, ब्लाक एवं ग्राम स्तर पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समन्वय स्थापित करके अभियान संचालित करेगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका एवं नगर पंचायत निगरानी समितियों के माध्यम से संचारी रोगों के साथ-साथ शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, खुले में शौच न करना तथा मच्छरों के रोकथाम जागरूकता के लिए कार्य करेंगी। खुली नालियों को ढकने की व्यवस्था की जायेगी, फॉगिंग कराया जायेगा, झाड़ियों की सफाई करायी जायेगी।

सीएमओ डॉ. राजेश झा ने कहा कि अभियान में मच्छरों से बचाव पर जोर दिया जाए और बुखार के प्रत्येक रोगी को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के प्रमुख सहयोगी विभागों आईसीडीएस, शिक्षा विभाग, पंचायती राज, नगर निकाय, स्वच्छ भारत मिशन, पशुपालन, चिकित्सा शिक्षा, जल निगम, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, कृषि विभाग, सिचाई विभाग शामिल हैं। ग्राम प्रधान और नोडल अध्यापकों का गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। दस्तक अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एक साथ घर घर भ्रमण करेंगी और बुखार, इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस, टीबी, कुष्ठ, फाइलेरिया, कालाजार और कुपोषित बच्चों की सूची बनायेंगी। इसके अलावा दस्तक अभियान के दौरान जिस घर में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चे हैं वहां ओआरएस का पैकेट उपलब्ध कराएंगी। इसके ई कवच पोर्टल पर ही फीड करेंगी। इस सूची के आधार पर स्वास्थ्य विभाग उपचार और अन्य सुविधाएं प्रदान करेगा।

इस दौरान एसीएमओ डॉ संजय गुप्ता, एसीएमओ आरसीएच डॉ सुरेंद्र कुमार, मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ आरके श्रीवास्तव, डिप्टी सीएमओ डॉ आरपी यादव, डॉ कार्तिकेय पाण्डेय, जिला मलेरिया अधिकारी सीपी मिश्रा, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, यूनिसेफ़ के डीएमसी अरशद जमाल, सहायक मलेरिया अधिकारी सुधाकर मणि सहित अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button