ऐसा दुस्साहस: सिपाही की बाइक पर चोरों ने किया हाथ साफ

रिपोर्टर अजीत कुमार सिंह बिट्टू जी ब्यूरो चीफ हिंद एकता टाइम्स
बांसडीह (बलिया)। स्थानीय कोतवाली के मात्र दो सौ मीटर दूरी पर यूनियन बैंक के पास बुधवार शाम नाई की दुकान पर बाल कटवाने गये सिपाही की बाइक चोरों ने उड़ा दी। सिपाही के काफी खोज बीन के बाद भी देर रात तक बाइक का पता नही चल सका।
जानकारी के अनुसार कोतवाली की पीआरबी में तैनात सिपाही बलराम बाल कटवाने नाई की दुकान पर अपने मित्र सिपाही की बाइक लेकर गया था। काफी देर बाद बाल कटवाने के बाद दुकान से बाहर निकलने पर उसकी बाइक वहां नही मिली।
हैरान सिपाही ने थाने पर इसकी सूचना दी जिसके बाद मौके पर पहुचीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां आस पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जिसमें दो नवयुवक बाइक खोलकर ले जाते हुए दिखाई दे रहें हैं। सिपाही की बाइक चोरी होने की सूचना से घटनास्थल पर देर तक हलचल मची रही। कोतवाल स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक चोरों की पहचान करने के प्रयास किये जा रहें हैं। जल्द ही बाइक बरामद कर ली जाएगी।



