बठिंडा बस हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, पीड़ितों को सहायता राशि देने का ऐलान
[ad_1]
![]()
नई दिल्ली, 27 दिसंबर (आईएएनएस)। पंजाब के बठिंडा में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। जबकि, 18 लोग घायल हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर दुख जाहिर करते हुए पीड़ितों को सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
पीएम मोदी ने ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष’ से सड़क हादसे के मृतकों के प्रत्येक परिवार को दो लाख और घायलों को 50,000 रुपए राशि देने का ऐलान किया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के ‘एक्स’ अकाउंट से पोस्ट करते हुए लिखा, “पंजाब के बठिंडा में बस दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमएनआरएफ (प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”
बता दें कि सड़क हादसा बठिंडा के कोटशमीर रोड पर उस समय हुआ जब पुल से गुजर रही यात्रियों की एक बस नाले में जा गिरी। बस के गिरने के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार पांच यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, अन्य 18 यात्रियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्राइवेट बस में सवार सभी यात्री एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। बठिंडा तलवंडी साबो रोड पर तेज रफ्तार से जा रही बस पुल से नीचे कई फीट गहरे नाले में गिर गई। इसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे।
पुलिस टीम हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुटी है।
–आईएएनएस
एससीएच/एबीएम
[ad_2] Disclaimer : ऑटो फ़ीड्स द्वारा यह न्यूज़/समाचार स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। hindektatimes.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन इस न्यूज़/समाचार में नहीं किया गया है। इस न्यूज़/समाचार की एवं इसमें उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की हैद्य न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
इनपुट. आईएएनएस के साथ



