व्यापारियों पर दर्ज फर्जी मुकदमा नहीं हटा तो होगा आंदोलन: सपा
समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष ने एसडीएम को सौंपा राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष संतोष जायसवाल देवा ने उत्तर प्रदेश में सरकारी तंत्रों द्वारा व्यापारियों का शोषण करने व फर्जी मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को सपाइयों के साथ राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर जिन व्यापारियों के विरुद्ध सरकार द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे तत्काल निष्पक्ष जांच कराकर हटवाएं जाने की मांग की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि व्यापारी देश-प्रदेश की अर्थव्यवस्था के रीढ़ है। लेकिन भाजपा सरकार में लगातार व्यापारियों का उत्पीडन किया जा रहा है। सरकारी विभाग के अफसरान व्यापारियों को कानून का भय दिखाकर आर्थिक शोषण, दोहन व उत्पीड़न करने में लगे हैं। राज्य कर, बांट माप, श्रम व खाद्य सुरक्षा विभाग आदि के द्वारा व्यापारियों का उत्पीडन किया जा रहा है। इन विभागों के अधिकारी व कर्मचारी जांच के नाम पर व्यापारियों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार कर रहे हैं। कहा कि आनलाइन मार्केटिंग के कारण वैसे ही दुकान खोलकर दुकानदारी करने वाले व्यापारियों का व्यापार काफी प्रभावित हुआ है। द्वेष की भावना से उनके ऊपर मुकदमा दर्ज कर दिया जाएगा और जांच के नाम पर उनके बैंक खाते को सीज कर दिया जाएगा तो ऐसी स्थिति में व्यापारी कैसे व्यापार करेंगे। कहा कि व्यापारियों के विरुद्ध जो भी फर्जी मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। उसकी जांच कराकर तत्काल हटवाया जाएं। वहीं चेतावनी दी गई कि अगर व्यापारियों पर दर्ज मुकदमे को नहीं हटवाया गया तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगी।
इस मौके पर सपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शोभनाथ यादव, हृदय नारायण प्रजापति, सुभाष यादव, अवधेश कुमार, अनिल विश्वकर्मा, हीरावती सरोज, सुनील कुमार व रवि कुमार आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।



