Azamgarh News: मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले में 1762 मरीजों को मिला उपचार, अनंतपुरा केन्द्र पर लापरवाही पर सीएमओ सख्त

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले में 1762 मरीजों को मिला उपचार, अनंतपुरा केन्द्र पर लापरवाही पर सीएमओ सख्त
Azamgarh News: फर्जी मतदाता सूची तैयार कर चुनाव प्रक्रिया में हेरफेर करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ जनपद में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले के दौरान जनपद के 77 स्वास्थ्य केन्द्रों पर व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की गईं। मेले में कुल 1762 मरीजों का पंजीकरण कर उन्हें निःशुल्क जांच एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। इनमें 760 पुरुष, 753 महिला एवं 249 बाल रोगी शामिल रहे। मेले में 74 चिकित्सक एवं 281 पैरामेडिकल कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
Azamgarh News: आजमगढ़ में उर्वरक धनराशि गबन का आरोपी गिरफ्तार
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने शहर के विभिन्न शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अनंतपुरा, कुंदीगण एवं दलसिंगार का निरीक्षण किया तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता एवं अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अनंतपुरा में तैनात चिकित्सक डॉ. प्रवीण, लैब टेक्नीशियन अमित कुमार एवं स्वीपर कम चौकीदार श्रवण कुमार लगभग दोपहर 12 बजे तक अनुपस्थित पाए गए। मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के दौरान कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने तीनों कर्मचारियों से दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
मेले के दौरान कोविड हेल्प डेस्क पर 133 मरीजों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त 323 मधुमेह, 305 गैस्ट्रो, 137 श्वसन, 196 त्वचा, 92 उच्च रक्तचाप, 40 लीवर एवं 12 टीबी रोगियों की पहचान कर उपचार उपलब्ध कराया गया। 106 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच तथा 108 कुपोषित बच्चों का परीक्षण भी किया गया। गंभीर स्थिति वाले 8 मरीजों को उच्च चिकित्सा केन्द्रों के लिए रेफर किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि “मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल है। इसका उद्देश्य आमजन तक निःशुल्क, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही अथवा ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के प्रति किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जाएगी। वहीं जिन केन्द्रों पर व्यवस्थाएँ बेहतर पाई जा रही हैं, वहाँ के कर्मचारियों की कार्यशैली सराहनीय है।”
वहीं निरीक्षण के दौरान शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कुंदीगण एवं दलसिंगार में स्वास्थ्य सेवाएँ, दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाई गईं।



