आजमगढ़ में 10 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार
Accused arrested for attempting to rape a 10-year-old girl in Azamgarh

पवई से नर्सिंग की खास रिपोर्ट
आजमगढ़, 28 जुलाई, जनपद आजमगढ़ के थाना पवई पुलिस ने 10 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार, थाना पवई क्षेत्र की एक महिला द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया कि 28 जुलाई की रात बिजली न होने के कारण उसकी 10 वर्षीय पुत्री घर के बाहर सो रही थी, जबकि वह स्वयं घर के अंदर थी। इसी दौरान ग्राम खेमीपुर निवासी अखिलेश बिन्द पुत्र सल्टू बिन्द ने कथित रूप से बालिका का मुंह कपड़े से दबाकर उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। बालिका के शोर मचाने पर उसकी मां बाहर निकल आई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर थाना पवई में मु0अ0सं0 187/2026, धारा 65(2) बीएनएस एवं 5एम/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा पंजीकृत होने के बाद पुलिस ने आरोपी अखिलेश बिन्द (37 वर्ष) को विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।थाना पवई के थानाध्यक्ष नीष पाल के कार्यभार संभालने के बाद से अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कार्यवाहक थाना प्रभारी वरिष्ठ उप निरीक्षक विशाल चक्रवर्ती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई। पुलिस का कहना है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।



