आजमगढ़:रात में लापता युवक का दूसरे दिन सुबह अपने ही हाते में मिला शव,अपराधियों ने मृतक के चाचा को भी मारने का किया प्रयास

पुलिसिया निष्क्रियता से आक्रोशित ग्रामीणों ने महराजगंज कप्तानगंज रोड किया जामढाई घंटे बाद उप जिलाधिकारी सगड़ी ने मौके पर पहुंचकर जाम को कराया समाप्त
Azamgarh:
रिपोर्ट : कमलाकांत शुक्ल
महराजगंज (आजमगढ़)
स्थानीय थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव निवासी एक युवक सोमवार की रात लगभग आठ बजे अपने नवनिर्मित मकान पर सोने जाते समय लापता हो गया 8:30 बजे तक नए मकान पर न पहुंचने के बाद स्वजनों ने उसकी तलाश शुरू किया तथा उसके न मिलने पर रात लगभग 9:30 बजे स्थानीय थाने पर गुमशुदगी का प्रार्थना पत्र दिया । मंगलवार की सुबह लगभग 8:00 बजे उक्त युवक का शव उसके नये मकान के पास स्थित उसी के बन्द पड़े हाते में मिला जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई । आक्रोशित लोगों ने महराजगंज कप्तानगंज मार्ग को घंटों तक जाम कर दिया।उक्त गांव निवासी सतीश चंद्र मिश्र का गांव में पैतृक आवास के अतिरिक्त मुख्य मार्ग पर भी एक नया मकान बना है जहां रात को स्वयं तथा उनका एकलौता पुत्र प्रभात उम्र लगभग 20 वर्ष व बेटी नितिका 18 वर्ष सोते हैं । सोमवार को बेटी खाना खाकर पहले नए मकान पर चली गई थी तथा बेटा प्रतिदिन की भांति 8 बजे पैतृक घर से नए मकान के लिए निकला था । लगभग 8:30 बजे बेटी ने पिता को फोन किया और बताया कि भाई अभी तक नहीं पहुंचा है । यह जानकर पिता उसे खोजने के लिए निकले किंतु उसका कुछ पता नहीं चला । इसी बीच लगभग 9 बजे मृतक के चाचा रामचंदर मिश्र घर के ऊपरी मंजिल से खाना खाकर नीचे बरामदे में अपने बिस्तर के पास आए तभी किसी ने पीछे से आकर उनका मुंह और गला दबा कर घसीटना शुरू किया किंतु वह झटका देकर किसी तरह छूट गए । इतने में अपराधी अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया । इस घटना के बाद स्वजन किसी अनहोनी की आशंका से भयभीत होकर रात लगभग 9:30 बजे स्थानीय थाने पर पहुंचे और प्रभात के गुमशुदगी का प्रार्थना पत्र दिया । पुलिस ने उसे गंभीरता से न लेते हुए मात्र खाना पूर्ति करते हुए डायल 112 को मौके पर भेज दिया और कहा कि सुबह आसपास की दुकाने खुलने पर सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से छानबीन की जाएगी ।पूरी रात घर के इकलौते चिराग की तलाश में जुटे स्वजन मंगलवार की सुबह मुख्य मार्ग स्थित नए मकान के पास बंद पड़े हाते में देखा तो प्रभात का शव वहां पड़ा मिला । उसके सिर के पिछले हिस्से में गम्भीर चोट थी । स्वजनों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी किंतु पुलिस मौके पर एक घंटे देर से पहुंची । जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के घर के सामने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया । मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने जाम को समाप्त करने के लिए भीड़ के ऊपर मुकदमा दर्ज किए जाने की धमकी देकर लोगों के आक्रोश में घी डाल दिया । लगभग 10 बजे मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी सगड़ी शुभम तोंदी ने लोगों को न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए जाम को समाप्त कराने का प्रयास किया किंतु भीड़ सहमत नहीं हुई और उच्चाधिकारियों के मौके पर बुलाने की मांग करती रही । 10:55 बजे उप जिलाधिकारी सगड़ी नरेंद्र गंगवार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बूझाकर आवागमन बहाल कराया । 11:15 बजे पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन भी मौके पर पहुंच गये और पीड़ित स्वजनों से पूछताछ किया तो स्वजनों द्वारा गांव के ही एक व्यक्ति से लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर एक सप्ताह पूर्व धमकी दिए जाने की बात सामने आई। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के ही दो लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा पंजीकृत कर लिया । मृतक की मां नीलम मिश्रा, बहन नीतिका व रीतिका का रो-रो कर बुरा हाल है।घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने कहां की प्रथम दृश्य गांव के ही एक परिवार से जमीनी रंजिश का सामने आया है । तथ्यों की जांच की जा रही है जिनके प्रकाश में आने पर समुचित कार्यवाही की जाएगी ।



