आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई होली,
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ होली पर्व

आजमगढ़ जनपद के ब्लॉक मुहम्मदपुर अंतर्गत गंभीरपुर थाना क्षेत्र में इस वर्ष होली का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। गंभीरपुर, मुहम्मदपुर, बिंद्रा बाजार, गोसाई की बाजार, रानीपुर रजमो, बिषया, मखदुमपुर, सुरजनपुर, टेकमलपुर,बरामद पट्टी,बसीरहा, बेलऊ, कलंदरपुर सहित विभिन्न गांवों और बाजारों में बुधवार की सुबह से ही रंगोत्सव की धूम देखने को मिली।फागुन पूर्णिमा पर मनाए जाने वाले इस पावन पर्व के अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला, जो पिचकारी से रंग उड़ाते और खुशियां बांटते नजर आए। कई स्थानों पर पारंपरिक “कपड़ा फाड़ होली” भी उत्साह के साथ खेली गई। मिठाई की दुकानों पर गुझिया और अन्य पकवानों की खरीदारी को लेकर पूर्व संध्या से ही बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी थी। रंग, अबीर और पिचकारी की दुकानों पर भी लोगों की खासी भीड़ रही।होली जैसे महत्वपूर्ण पर्व को सकुशल संपन्न कराने में थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह की सक्रियता और सतर्कता सराहनीय रही। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह होली और रमजान को लेकर पूर्व से ही क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर आमजन को शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए जागरूक करते रहे। संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।
होली के दिन भी वे सुबह से देर शाम तक स्वयं क्षेत्र में गश्त करते नजर आए, जिससे आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहा।उनकी मुस्तैदी और पुलिस बल की सजगता के चलते पूरा थाना क्षेत्र शांतिपूर्ण वातावरण में रंगों के इस त्योहार का आनंद ले सका।स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की सतर्कता के कारण पर्व पूरी तरह सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न हुआ।इस प्रकार गंभीरपुर थाना क्षेत्र में होली का पर्व उल्लास, परंपरा और आपसी प्रेम के संदेश के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।



