Azamgarh News:कांवड़ियों की सेवा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, भैरो बाबा मंदिर पहुंचकर डीएम-एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
कांवड़ियों की सेवा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, भैरो बाबा मंदिर पहुंचकर डीएम-एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
आजमगढ़ जनपद के महराजगंज थाना अंतर्गत सावन माह में आयोजित होने वाले कांवड़ मेले को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से महराजगंज स्थित प्रसिद्ध भैरो बाबा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और कांवड़ यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सावन में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी निगरानी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने कांवड़ यात्रा को लेकर नगर पंचायत द्वारा कराई गई तैयारियों की सराहना की। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता जायसवाल के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रशासन और स्थानीय निकाय के बेहतर समन्वय से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। साथ ही सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से शेष व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि आस्था का यह महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सगड़ी संजीव राय, तहसीलदार सगड़ी, सीओ सगड़ी देशराज सिंह, बीडीओ रामसागर सिंह, एसडीओ विद्युत ब्रजेश राव, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील जायसवाल, अधिशासी अधिकारी आशीष राय, वरिष्ठ लिपिक मनोज सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



