संभल में खुद सरकार ने किया माहौल को खराब: डॉ.राजेंद्र दुबे 

हिंसा में मारे गए लोगों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेसियों ने किया मौन धरना 

 

रिपोर्ट अशरफ संजरी

भदोही। संभल हिंसा में मारे गए लोगों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेसियों ने पार्टी जिलाध्यक्ष डॉ.राजेंद्र दुबे राजन के नेतृत्व में मुखर्जी पार्क ज्ञानपुर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे मौन धरना दिया। राज्य सरकार के रवैए को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया गया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ.राजेंद्र दुबे राजन ने कहा कि संभल में अचानक उठे विवाद को लेकर राज्य सरकार का रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इतने संवेदनशील मामले में बिना दूसरा पक्ष सुने, बिना दोनों पक्षों को विश्वास में लिए प्रशासन ने जिस तरह हड़बड़ी के साथ कार्रवाई की। वह दिखाता है कि सरकार ने खुद माहौल खराब किया। प्रशासन ने जरूरी प्रक्रिया और कर्तव्य का पालन भी जरूरी नहीं समझा। वरिष्ठ नेता मो.हसनैन अंसारी ने कहा कि सत्ता में बैठकर भेदभाव, अत्याचार और फूट फैलाने का प्रयास करना न जनता के हित में है और न देश के हित में। सुप्रीम कोर्ट को इस मामले का संज्ञान लेकर न्याय करना चाहिए। प्रदेश की जनता से हमारी अपील है कि हर हाल में शांति बनाएं रखें। भदोही विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी वसीम अंसारी व जिला उपाध्यक्ष राजेश्वर दूबे ने कहा कि हिंसा और फायरिंग में जिन्होंने अपनों को खोया है। उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। प्रशासन द्वारा बिना सभी पक्षों को सुने और असंवेदनशीलता से की गई कार्रवाई ने माहौल और बिगाड़ दिया। जो कई लोगों की मृत्यु का कारण बना। जिसकी सीधी जिम्मेदार भाजपा सरकार है। भाजपा सत्ता का उपयोग हिंदू-मुसलमानों के बीच दरार और भेदभाव पैदा करने के लिए करना न प्रदेश के हित में है और न देश के हित में है। हम सबको एक साथ जुड़कर यह सुनिश्चित करना है कि भारत सांप्रदायिकता और नफरत नहीं बल्कि एकता और संविधान के रास्ते पर आगे बढ़े।

इस मौके पर सत्येंद्र प्रकाश तिवारी, शमशीर अहमद, राजेंद्र मौर्य, महेश मिश्र, हरीशचंद्र दुबे, सुमित शुक्ला उर्फ चिंटू, मुश्ताक अंसारी व करन मौर्य आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।

 

चित्र परिचय: गांधी प्रतिमा के नीचे मौन धरना देते कांग्रेसी।

Related Articles

Back to top button