आजमगढ़:36 घंटे से सड़क पर खड़ा खराब ट्रक, गंभीरपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल; स्कूली बच्चे और ग्रामीण परेशान

जौनपुर-वाराणसी को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग बाधित, 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करने को मजबूर लोग

गंभीरपुर/आजमगढ़। ब्लॉक मुहम्मदपुर के गंभीरपुर-थनौली संपर्क मार्ग पर तिराहे के पास गिट्टी लदा एक ट्रक पिछले 36 घंटे से अधिक समय से खराब होकर सड़क पर खड़ा है। ट्रक नहीं हटाए जाने से मुख्य मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। राहगीरों, ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे समय से सड़क बाधित होने के बावजूद जिम्मेदार पुलिसकर्मियों की ओर से समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।जानकारी के मुताबिक, गिट्टी लदा ट्रक कलंदरपुर खाली करने के लिए जा रहा था। बुधवार सुबह करीब आठ बजे गंभीरपुर बाजार से कलंदरपुर मार्ग की ओर मुड़ते समय अचानक ट्रक खराब हो गया। इसके बाद ट्रक सड़क पर ही खड़ा रह गया। बृहस्पतिवार की सुबह तक भी उसे हटाने की कोई व्यवस्था नहीं हो सकी, जिससे आवागमन की समस्या लगातार बनी रही।दीपावली की छुट्टी के बाद बृहस्पतिवार को विद्यालय खुलने पर परेशानी और बढ़ गई। स्कूल जाने वाले बच्चों को लेने और छोड़ने वाले वाहनों को रास्ता बाधित होने के कारण करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। दोपहिया वाहन चालकों और अन्य राहगीरों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।गौरतलब है कि यह मार्ग केवल स्थानीय संपर्क मार्ग नहीं, बल्कि जौनपुर और वाराणसी को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता भी है। इस मार्ग से एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन होता है। छोटी-बड़ी गाड़ियों की आवाजाही दिनभर बनी रहती है। विशेषकर सुबह और शाम के समय छात्र-छात्राओं को स्कूल और कॉलेज ले जाने के लिए इसी मार्ग का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि ट्रक को किसी अन्य वाहन से टोचन लगाकर सड़क के किनारे या आगे सुरक्षित स्थान पर कर दिया जाता तो 36 घंटे तक मुख्य मार्ग बाधित नहीं रहता। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर इतनी देर तक सड़क पर ट्रक खड़ा रहने के बावजूद पुलिस ने यातायात सुचारू कराने के लिए तत्काल व्यवस्था क्यों नहीं की? क्या सड़क पर आवागमन बाधित होने और आमजन को हो रही परेशानी की जिम्मेदारी पुलिस की नहीं है?ग्रामीण सलाहुद्दीन, राकेश पाण्डेय, पवन गुप्ता, अर्जुन यादव, बृजेश कन्नौजिया, प्रतीक गुप्ता और सुनील पाण्डेय समेत अन्य लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पुलिस की ओर से समय रहते कार्रवाई की गई होती तो लोगों को इस परेशानी से नहीं गुजरना पड़ता। ग्रामीणों ने खराब ट्रक को तत्काल हटवाकर यातायात बहाल कराने की मांग की है।इस संबंध में गंभीरपुर पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि जल्द से जल्द ट्रक को हटवाकर रास्ता चालू कराया जा रहा है। हालांकि, ग्रामीणों का सवाल है कि जब ट्रक 36 घंटे से अधिक समय से सड़क पर खड़ा था तो उसे हटवाने के लिए पहले ही प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button